झारखंड में पीएम बोले- ‘सर्जिकल स्ट्राइक और एयरस्ट्राइक ने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया’

नई दिल्ली | शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के पलामू में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान पर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और एयरस्ट्राइक के तमाचे ने पाकिस्तान को हिलाकर रख दिया। 2014 में आपके वोट ने ऐसा काम किया कि पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र की ताकत को सलाम करने लगी थी। पहले कांग्रेस की डरपोक सरकार दुनिया में जाकर रोती थी। मगर आज पाकिस्तान दुनियाभर में जाकर रो रहा है। वह बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा है।

पीएम ने कहा कि आप सभी अपने हर एक वोट के महत्व को बहुत अच्छी तरह जानते हैं। आपके इस एक वोट की ताकत से आज भारत का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है।

आपके एक वोट की ताकत से जम्मू कश्मीर में आर्टिकल-370 की दीवार को जमीन में गाड़ दिया गया। हमारे झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, और आंध्र प्रदेश में पशुपति से लेकर तिरुपति तक नक्सलवाद और आतंकवाद फैला कर यहां की धरती को लहूलुहान कर देता था। पीएम ने कहा कि आपके एक वोट ने कितनी ही माताओं की आस पूरी की और इस धरती को नक्सलवादी आतंकवाद से मुक्ति दिला दी।

पाकिस्तान और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले ऐसी स्थिति थी, जब आतंकी हमले के बाद कांग्रेस की डरपोक सरकार दुनिया भर में जाकर रोती थी। आज स्थिति इसके विपरित है आज पाकिस्तान दुनिया भर में जाकर रो रहा है। उन्होंने कहा कि आज पाकिस्तान के नेता कांग्रेस के शहजादे को पीएम बनाने के लिए दुआ कर रहे हैं। मजबूत भारत तो अब मजबूत सरकार ही चाहता है। पूरा हिंदुस्तान कह रहा है – मजबूत भारत के लिए मजबूत सरकार।

[democracy id="1"]