



हरदा। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने हरदा जिला मुख्यालय से करीब 55 किमी दूर ग्राम पंचायत मोरगढ़ी में चुनावी सभा को संबोधित किया। कमल नाथ ने कहा कि बाबा साहेब ने जो हमको संविधान दिया उसके कारण सात मई को चुनाव है। बाबा साहेब ने अगर ऐसा संविधान नहीं दिया होता तो सात मई को कोई चुनाव नहीं हुआ होता। हमारे देश को प्रजातंत्र दिया है। डा आंबेडकर को पूरे विश्व ने माना है। आप सब हमारे संविधान के रक्षक बनकर रहिए।
तीस साल से भाजपा ने दिया क्या है। भाजपा ने भ्रष्टाचार दिया तो कोरोना की मौत भी दी। कमल नाथ ने कहा कि पूरे देश में केवल एक जिला छिंदवाड़ा ऐसा था जहां कोरोना के समय एक दिन या एक घंटे भी आक्सीजन की कमी नहीं रही। एक इंजेक्शन या एक टेबलेट की भी कमी नहीं आने दी गई।
भाजपा ने भर्ती घोटाला दिया, माफियाराज दिया, बलात्कार दिया। इसके अलावा भाजपा ने घर-घर शराब देने का भी काम किया है। किसानों को सिंचाई योजना का लाभ भी नहीं मिला। देश में सबसे ज्यादा बेरोजगार मध्यप्रदेश में हैं।
कमल नाथ ने कहा कि जनता महंगाई से जूझ रही है। भाजपा के लोग हर बात में झूठ बालेंगे। पेट्रोल-डीजल या किसी भी वस्तु को देख लो सभी के भाव बढ़े हैं। हर महीने कुछ ना कुछ बढ़ जाता है। यह सब आपके सामने हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि 07 मई को इस क्षेत्र के विकास के लिए एक नई शुरुआत करेंगे। मुझे मौका देंगे कि जो आप कहेंगे, वह काम मैं कर सकूं।