



नई दिल्ली। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के लातूर में जनसभा को संबोधित किया। अपने सम्बोधन में उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि मैं जब एक भारत श्रेष्ठ भारत की बात करता हूं तो कांग्रेस के शहजादे को बुखार चढ़ जाता है। वो लोग कहते हैं मोदी एक भारत की बात क्यों करता है। देश को खंड-खंड में देखने वाले लोग प्रधानमंत्री पद को बांटना चाहते हैं। पांच साल में 5 पीएम इनकी योजना है। देश को बारी-बारी लूटने की योजना है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी आपका जीवन बदलने के लिए दिन रात एक कर रहा है। कांग्रेस पार्टी को पराजय का भय इतना सता रहा है कि एआई के द्वारा हमारे चेहरे का उपयोग करके उनकी ‘मोहब्बत की दुकान’ में फेक वीडियो बिकने लगे हैं। वो मोदी की आवाज को और मोदी के भाषण का उपयोग करके नई-नई चीजें कर रहे हैं। मोदी आपका जीवन बदलने के लिए दिन रात एक कर रहा है और ये इंडी अघाड़ी वाले मोदी को बदलने के लिए पूरी शक्ति लगा रहे हैं। जिनके घोटाले पर मैंने रोके लगा दी हैं, वो मोदी पर गुस्सा करेंगे, ये बहुत स्वाभाविक है। आजकल ये दिन रात मोदी को गाली देने में लगे हैं। हमारे देश के लोग हमेशा मेहनती और प्रतिभाशाली रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने उनके सपनों को कुचलने का पाप किया! कांग्रेस ने सिर्फ एक परिवार के बारे में सोचा, लेकिन मोदी भारत के हर परिवार के बारे में सोचता हैं।