



इंदौर। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से उनकी जगह आम आदमी पार्टी में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने ले ली है। वह लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी के लिए शनिवार से चुनाव प्रचार में भी सक्रिय हो गई हैं। उन्होंने कल्याणपुरी में पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट के उम्मीदवार कुलदीप कुमार के पक्ष में रोड शो की शुरुआत की। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को बताया था कि सुनीता केजरीवाल पार्टी के लिए शनिवार से प्रचार के लिए सक्रिय हो जाएंगी। वह पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में रोड शो कर पार्टी के लिए वोट मांगेगी। रविवार को उनका रोड शो पश्चिमी दिल्ली के लिए प्रस्तावित है। दिल्ली में चुनाव होने के बाद वह पंजाब, गुजरात व हरियाणा में पार्टी प्रत्याशियों के लिए जनता के बीच जाएंगी।
आतिशी ने कहा कि भाजपा की केजरीवाल को गिरफ्तार करने की चाल उन पर ही भारी पड़ने वाली है। मैं इस बात के लिए दो सौ प्रतिशत निश्चिंत हूं कि जनता आम आदमी पार्टी के साथ है। वह केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ भाजपा को सबक सिखाएगी। वह भाजपा से इसका बदला आप को वोट देकर लेगी। दिल्ली, पंजाब व पूरा देश इस समय अरविंद केजरीवाल के साथ खड़ा है।