रामलीला मैदान में जुटे विपक्षी नेताओं को लेकर भाजपा का बयान – ‘ये परिवार बचाओ और भ्रष्टाचार छुपाओ रैली है’

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडी गठबंधन में शामिल विपक्षी दलों की रैली में नेताओं को जुटना शुरू हो गया है। शरद पवार, महबूबा मुफ्ती सहित कई विपक्षी नेता रामलीला मैदान में पहुंच चुके हैं। रैली की शुरुआत से पहले भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली नहीं, बल्कि असल में यह ‘परिवार बचाओ, भ्रष्टाचार छुपाओ’ रैली है”। इसके अलावा इंडी गठबंधन की ‘महारैली’ पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, “जो आज रामलीला मैदान में हो रहा है ये भ्रष्टाचार का भाईचारा है। रामलीला मैदान वही मैदान है, जिसमें अन्ना हजारे की उंगली पकड़कर अरविंद केजरीवाल कहते थे कि लालू यादव, मुलायम सिंह यादव, सोनिया गांधी को जेल भेजो और यही अरविंद केजरीवाल आज लालू यादव की उंगली पकड़कर कहते हैं कि मुझे जेल मत भेजो।”
इधर कांग्रेस की ओर से ये साफ कर दिया गया है कि रामलीला मैदान में आज होने वाली संयुक्त मेगा रैली लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है, न कि किसी व्यक्ति विशेष को बचाने के लिए की गई है। वहीं पंजाब के मंत्री और आप नेता बलबीर सिंह ने कहा है कि आज दिल्ली के रामलीला मैदान में ऐतिहासिक रैली होने जा रही है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल अपने लिए नहीं, बल्कि देश के 140 भारतीयों के लिए लड़ रहे हैं।
आज रामलीला मैदान में होने वाली संयुक्त विपक्ष रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, शरद पवार, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे से लेकर तेजस्वी यादव जैसे नेता शामिल होंगे। इसके अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन भी इस रैली में शामिल होंगे। खास बात ये है कि इस रैली में अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी शामिल होंगी और अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ़ सकती है। मोदी सरकार के खिलाफ इससे पहले विपक्षी दलों ने संयुक्त रैली 17 मार्च को मुंबई के शिवाजी पार्क में की थी।
कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में शनिवार को कहा कि रैली में विपक्षी गठबंधन के सभी 28 घटक दल भाग लेंगे। जयराम रमेश ने कहा कि यह लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई है, इसलिए इसे ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ नाम दिया गया है। यह रैली एक पार्टी की रैली नहीं है। वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी रामलीली मैदान में होने वाली रैली को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ED द्वारा की गई गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्ष का जमावड़ा बता रही है।

लोकसभा चुनाव 2024 मे कौनसे गठबंधन की बनेगी सरकार?
  • NDA 0%, 0 votes
    0 votes
    0 votes - 0% of all votes
  • INDIA 0%, 0 votes
    0 votes
    0 votes - 0% of all votes
Total Votes: 0
August 21, 2021 - December 31, 2023
Voting is closed