



मुंबई। लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र में विपक्षी दलों के बीच सियासी बवाल है। महाविकास अघाड़ी के बीच सीटों के बंटवारे पर बात नहीं बनी है और आपसी खिंचतान जारी है।
इस बीच, मुंबई में कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने बागी तेवर दिखाए हैं। निरुपम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने शिवसेना के आगे सरेंडर कर दिया है, जबकि उसका का इतना बड़ा जनाधार अब बचा नहीं है। कांग्रेस के लिए यह स्थिति श्रद्धांजलि लिखने जैसा है। इसलिए मैं पार्टी को एक हफ्ते का समय देता हूं। हम जैसे कार्यकर्ताओं की सुध ली जाए। अन्यथा मेरे पास सभी विकल्प खुले हैं।
वहीं, उद्धव ठाकरे और वंचित बहुजन अघाड़ी प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। यह तब है जब सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर कोई फैसला नहीं हुआ है।
महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे ने अपने हिस्सा वाली शिवसेना (शिवसेना यूबीटी) के 17 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। अनिल देसाई मुंबई दक्षिण मध्य संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
सांगली से चंद्रहार पाटिल को टिकट दिया है। सांसद गजानन कीर्तिकर के बेटे अमोल कीर्तिकर को मुंबई उत्तर पश्चिम से उम्मीदवार घोषित किया गया। खिचड़ी घोटाले में अमोल को आज ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया है।
16 में से 11 नाम वो हैं, जिनकी घोषणा प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पिछले महीने ही कर दी थी। पार्टी ने सभी पांच मौजूदा सांसदों को भी फिर से उम्मीदवार बनाया है। मौजूदा सांसद अरविंद सावंत मुंबई दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से, संजय पाटिल मुंबई उत्तर पूर्व से और अमोल कीर्तिकर मुंबई उत्तर पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
बता दें, महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर अभी महा विकास अघाड़ी (उद्धव शिवसेना, शरद पवार एनसीपी और कांग्रेस) के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है। इससे पहले ही उद्धव ने लिस्ट जारी कर दी है। इस पर विवाद हो सकता है।
माना जा रहा है कि आज या कल में ही शरद पवार अपने गुट की बैठक करेंगे और लिस्ट जारी कर सकते हैं। वहीं कांग्रेस अभी पूरी तरह साइलेंट नजर आ रही है। उद्धव ठाकरे ने मुंबई की जिन सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं, कांग्रेस भी उन्हीं पर जोर दे रही है।